प्रभावित 14 ग्रामों में लगाए जाएंगे विशेष कैंप, कृषकों से भरवाए जाएंगे प्रतिकर संबंधी
*कैंपों के माध्यम से अर्जित/अधिनिर्णीत भूमि से संबंधित प्रतिकर वितरण की कार्रवाई पूर्ण पारदर्शिता एवं शीघ्रता के साथ कराई जाएगी संपन्न:

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के विस्तारीकरण स्टेज-2/फेज-2 एवं स्टेज-2/फेज-3 हेतु भूमि अर्जन के अंतर्गत जेवर तहसील के 14 ग्रामों की अर्जित/अधिनिर्णीत 1838.4176 हेक्टेयर भूमि के प्रतिकर वितरण के संबंध में आज जिलाधिकारी द्वारा कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा अर्जन से प्रभावित कृषकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रतिकर वितरण की कार्यवाही को पारदर्शी एवं शीघ्र संपन्न कराने तथा प्रक्रिया में गति लाने के उद्देश्य से निर्देशित किया गया कि 03 अप्रैल 2026 से अर्जन प्रभावित प्रत्येक ग्राम में प्रतिदिन चिह्नित स्थलों पर कैंप आयोजित किए जाएं। इन कैंपों के माध्यम से प्रभावित कृषकों से प्रतिकर प्रपत्र प्राप्त कर प्रतिकर पत्रावली तैयार की जाएगी तथा अन्य समस्त आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण की जाएंगी। इस कार्य हेतु जिलाधिकारी द्वारा प्रत्येक गांव के लिए राजस्व निरीक्षक, लेखपाल एवं अमीन को नामित किया गया है।
जिलाधिकारी द्वारा तहसीलदार, जेवर को समस्त कैंपों का प्रभारी नियुक्त करते हुए निर्देशित किया गया कि वे संबंधित नायब तहसीलदार के साथ प्रतिदिन सभी ग्रामों का भ्रमण करेंगे तथा तैयार की गई पत्रावलियों पर अपने हस्ताक्षर करेंगे। साथ ही, प्रत्येक दिवस प्राप्त पत्रावलियों को समस्त औपचारिकताएं पूर्ण होने के उपरांत अपर जिलाधिकारी (भू-अर्जन) कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।
प्रभावित कृषकों की सुविधा हेतु 03 अप्रैल 2026 से ग्राम थोरा के प्राथमिक विद्यालय-1 थोरा, ग्राम बंकापुर के डॉ. अंबेडकर भवन बंकापुर, ग्राम नीमका शाहजहांपुर के प्राथमिक विद्यालय-1, ग्राम अहमदपुर चौरोली के पंचायत भवन, ग्राम ख्वाजपुर के प्राथमिक विद्यालय, ग्राम रामनेर के प्राथमिक विद्यालय, ग्राम किशोरपुर के प्राथमिक विद्यालय, ग्राम बनवारीबांस के प्राथमिक विद्यालय, ग्राम पारोही के डॉ. अंबेडकर भवन पारोही, ग्राम रोही के डॉ. अंबेडकर भवन पारोही, ग्राम मुकीमपुर शिवारा के प्राथमिक विद्यालय, ग्राम जेवर बांगर के प्राथमिक विद्यालय साबोता जाफराबाद, ग्राम साबोता मुस्तफाबाद के पंचायत भवन तथा ग्राम दयानतपुर के सर्व हितकारी इंटर कॉलेज दयानतपुर में कैंप आयोजित कर प्रभावित कृषकों के प्रतिकर प्रपत्र प्राप्त करते हुए प्रतिकर पत्रावलियां तैयार की जाएंगी तथा अन्य समस्त औपचारिकताएं पूर्ण की जाएंगी।
जिलाधिकारी ने अर्जन से प्रभावित कृषकों से अपील की कि वे दिनांक 03 अप्रैल 2026 से अपने-अपने ग्रामों में आयोजित होने वाले कैंपों में उपस्थित होकर अपनी अर्जित भूमि के प्रतिकर भुगतान से संबंधित समस्त औपचारिकताएं अनिवार्य रूप से पूर्ण कराएं। उन्होंने कहा कि आयोजित किए जाने वाले इन कैंपों का उद्देश्य 14 ग्रामों की अर्जित एवं अधिनिर्णीत भूमि से संबंधित प्रतिकर वितरण की कार्रवाई को पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराना है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी भू0/अ0 बच्चू सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह एवं संबंधित राजस्व विभाग के अधिकारी गण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *