मीरजापुर, 18 जून। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की औद्योगिक विकास नीति का प्रभाव अब मीरजापुर में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। कभी पिछड़े जिलों में गिने जाने वाले मीरजापुर में अब बड़े पैमाने पर निवेश और रोजगार सृजन का नया दौर शुरू हो चुका है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के तहत निवेश करने वाली 80 कंपनियों ने जिले में उत्पादन प्रारंभ कर दिया है। इन कंपनियों ने लगभग 1734 करोड़ रुपये का निवेश कर विभिन्न औद्योगिक इकाइयों की स्थापना की है, जिससे 5 हजार से अधिक युवाओं को प्रत्यक्ष एवं लगभग 10 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिला है।

जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र के अनुसार जनपद में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। निवेशकों को बेहतर माहौल और प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराए जाने के कारण कई परियोजनाएं तेजी से धरातल पर उतर रही हैं। इससे न केवल स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल रहा है, बल्कि पलायन की समस्या में भी कमी आने की उम्मीद है।

मीरजापुर में स्थापित हो रही औद्योगिक इकाइयां जिले की आर्थिक प्रगति को नई दिशा दे रही हैं और आने वाले समय में यह क्षेत्र प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में शामिल हो सकता है।

 

 

 

 

रिपोर्टर * श्रीमती शोभा भाटी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *