पिंगनवां। कस्बे में बिजली बोर्ड कार्यालय के समीप जमा कूड़े के बड़े-बड़े ढेर स्थानीय लोगों के लिए गंभीर समस्या बनते जा रहे हैं। गंदगी के कारण क्षेत्र में लगातार दुर्गंध फैल रही है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कूड़े का लंबे समय से उचित निस्तारण नहीं किया गया है। स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि यहां से गुजरने वाले लोगों को सांस लेने में तकलीफ महसूस होती है। वहीं, कई बार कूड़े में आग लगने या लगाए जाने की घटनाएं भी सामने आती हैं, जिससे निकलने वाला धुआं वातावरण को प्रदूषित कर रहा है।
लोगों का आरोप है कि जहरीले धुएं का सबसे अधिक असर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों पर पड़ रहा है। इसके बावजूद समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।
निवासियों ने बताया कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और पंचायत स्तर पर शिकायतें की हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कूड़े के ढेरों को तत्काल हटाया जाए और क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को बदबू और प्रदूषण से राहत मिल सके।

 

 

 

 

 

रिपोर्टर * श्रीमती शोभा भाटी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *