पुन्हाना। जिला नूंह के उपमंडल पुन्हाना में सफाई व्यवस्था की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। नथिया वाली धर्मशाला के आसपास गंदगी के ढेर और बढ़ते अतिक्रमण ने क्षेत्रवासियों की परेशानी बढ़ा दी है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायतें करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, नथिया वाली धर्मशाला से लेकर अंबेडकर पार्क तक नाले गंदगी से अटे पड़े हैं। लंबे समय से सफाई न होने के कारण नालों में कचरा जमा हो गया है, जिससे बदबू फैल रही है और जलनिकासी भी प्रभावित हो रही है। बरसात के दिनों में जलभराव की स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि सफाई व्यवस्था में सुधार के साथ-साथ अतिक्रमण पर भी प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है। उनका मानना है कि अतिक्रमण के कारण कई स्थानों पर रास्ते संकरे हो गए हैं और सफाई कार्य भी प्रभावित हो रहा है। क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका प्रशासन और चेयरमैन से मांग की है कि शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा कर जमीनी हकीकत का जायजा लिया जाए तथा सफाई और अतिक्रमण की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। लोगों का कहना है कि स्वच्छ और व्यवस्थित शहर के लिए नियमित सफाई, निगरानी और प्रशासनिक सक्रियता बेहद जरूरी है। रिपोर्टर * श्रीमती शोभा भाटी Post navigation बिजली बोर्ड के पास गंदगी का अंबार, प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल मैदान से मोबाइल तक: बदलते बचपन पर बुजुर्ग की चिंता ?