नई दिल्ली । कृष्णा नगर थाना पुलिस ने एक शातिर मोबाइल स्नैचर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की दो स्कूटियां और पांच चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 31 वर्षीय आरिफ उर्फ धक्कन के रूप में हुई है, जो पहले से लूट, स्नैचिंग और चोरी के 27 आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है। पुलिस का कहना है कि आरोपी अकेले नहीं बल्कि अपने एक साथी के साथ वारदातों को अंजाम देता था, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के मुताबिक 23 जून को ईस्ट आजाद नगर मेट्रो स्टेशन के पास बस का इंतजार कर रही दिल्ली पुलिस की महिला कांस्टेबल रिया के हाथ से एक युवक ने वनप्लस-7 मोबाइल झपट लिया और स्कूटी पर फरार हो गया। मामले में कृष्णा नगर थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने वारदात स्थल और भागने के रास्तों के CCTV फुटेज खंगाले, तकनीकी निगरानी की और मुखबिरों को सक्रिय किया। पुख्ता सूचना के आधार पर आरिफ उर्फ धक्कन को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह मेट्रो स्टेशनों, बस स्टॉप और मुख्य सड़कों पर सार्वजनिक परिवहन का इंतजार कर रहे लोगों को निशाना बनाता था। वह चोरी की स्कूटियों का इस्तेमाल करता था ताकि वारदात के बाद तेजी से फरार हो सके और पुलिस उसकी पहचान न कर सके।

आरोपी ने कृष्णा नगर, वेलकम, शास्त्री पार्क और कोतवाली थाना क्षेत्रों में मोबाइल स्नैचिंग और चोरी की कई वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर महिला कांस्टेबल का छीना गया वनप्लस-7 मोबाइल, एक चोरी का आईफोन-11, तीन अन्य चोरी के मोबाइल फोन तथा दो चोरी की स्कूटियां बरामद की गईं। इनमें से एक स्कूटी का इस्तेमाल उसने कृष्णा नगर की स्नैचिंग की वारदात में किया था, जबकि दूसरी स्कूटी भी चोरी की निकली। एक अन्य चोरी की स्कूटी का भी पुलिस ने पता लगाकर कब्जे में लिया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से 27 आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल उसके फरार साथी की तलाश की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि उसने राजधानी के अन्य इलाकों में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

 

 

रिपोर्टर * श्रीमती शोभा भाटी

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *