दिल्ली पुलिस के उत्तर जिला ने महिला एवं बाल विकास विभाग (GNCTD) के सहयोग से तिस हजारी स्थित सलाम बालक चाइल्ड केयर सेंटर में बाल सुरक्षा एवं विकास कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम 3 जुलाई 2026 को आयोजित किया गया, जिसमें देखभाल एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले 110 बच्चों ने भाग लिया।

यह कार्यक्रम दिल्ली के उपराज्यपाल के निर्देशानुसार 1 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक मनाए जा रहे ‘चाइल्ड सेफ्टी अवेयरनेस मंथ’ के तहत आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा, व्यक्तित्व विकास और उनके बेहतर भविष्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की सचिव डॉ. रश्मि सिंह (IAS), उत्तर जिला के डीसीपी राजा बंथिया (IPS), अतिरिक्त डीसीपी-1 निहारिका भट्ट (IPS), अतिरिक्त डीसीपी-2 राम दुलेश मीणा, एसीपी सिविल लाइंस, एसीपी महिला थाना सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इस दौरान बच्चों को चाइल्ड सेफ्टी, साइबर सुरक्षा, गुड टच-बैड टच (POCSO), चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, इमरजेंसी नंबर 112, नशे से बचाव, कानूनी जागरूकता, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, करियर गाइडेंस और लाइफ स्किल्स से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही काउंसलिंग, मोटिवेशनल सेशन, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, रंग भरने की प्रतियोगिता, संगीत, नृत्य और विभिन्न इंटरैक्टिव गेम्स का आयोजन भी किया गया।

दिल्ली पुलिस के जनसंपर्क वाहन के माध्यम से महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित जागरूकता वीडियो भी दिखाए गए। बच्चों ने गीत, नृत्य और अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को जलपान कराया गया और पुलिस अधिकारियों ने बच्चों के साथ समय बिताकर उनका उत्साह बढ़ाया।

दिल्ली पुलिस के इस प्रयास की सलाम बालक ट्रस्ट के अधिकारियों और बच्चों ने सराहना करते हुए इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

 

 

 

 

रिपोर्टर * श्रीमती शोभा भाटी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *