पलवल। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित गदपुरी टोल प्लाजा पर टोल प्लाजा प्रशासन एवं पलवल डोनर्स क्लब ज्योतिपुंज के संयुक्त तत्वावधान में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। योगाचार्य यशपाल गोयल ने प्रतिभागियों को सूर्य नमस्कार, ताड़ासन तथा विभिन्न प्राणायाम क्रियाओं का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास को स्वस्थ जीवन की कुंजी बताया। कार्यक्रम के दौरान एचआर पवन कुमार, एपीएम अंजय शुक्ला तथा पलवल डोनर्स क्लब ज्योतिपुंज के मुख्य संयोजक आर्यवीर लॉयन डॉ. विकास मित्तल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली का आधार भी है। प्लाजा मैनेजर अनुज कुमार एवं क्लब की सहसंयोजक अल्पना मित्तल ने उपस्थित कर्मचारियों को योग के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को तनावमुक्त, ऊर्जावान और स्वस्थ बनाता है। योग स्वयं, समाज और प्रकृति के बीच सामंजस्य स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री के संदेश “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” को अपनाते हुए योग को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस दौरान टोल प्लाजा परिसर में स्वास्थ्य जागरूकता, सकारात्मक ऊर्जा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में गदपुरी टोल प्लाजा के सभी कर्मचारी एवं पलवल डोनर्स क्लब ज्योतिपुंज के पदाधिकारी उपस्थित रहे। रिपोर्टर * श्रीमती शोभा भाटी Post navigation मैदान से मोबाइल तक: बदलते बचपन पर बुजुर्ग की चिंता ? 🔥 महिलाओं का महाकुंभ! मदुरै में श्री उत्सव का भव्य आयोजन, 44 स्टॉल और 400+ लोगों की भागीदारी !