नोएडा। स्थानीय सामाजिक संस्था ‘अपना घर आश्रम’ ने एक बार फिर मानवता की अनूठी मिसाल पेश की है। संस्था के सेवा प्रभारियों के अथक प्रयासों और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से, पिछले 15 वर्षों से अपने परिवार से बिछड़ी एक बुजुर्ग मां को आखिरकार उनके बेटे और परिजनों से सकुशल मिला दिया गया है। जानकारी के अनुसार, उक्त महिला (प्रभु जी) लंबे समय से अपनों से दूर थीं और बेसहारा स्थिति में मिली थीं। आश्रम में लाने के बाद न केवल उनकी उचित देखभाल और सेवा की गई, बल्कि उनके परिवार को ढूंढने के प्रयास भी लगातार जारी रहे। काउंसलिंग और स्थानीय पुलिस प्रशासन की मदद से आखिरकार उनके परिवार का पता लगा लिया गया। जब बेटा अपनी मां को लेने आश्रम पहुंचा, तो दोनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। 15 साल बाद हुए इस पुनर्मिलन को देखकर आश्रम का पूरा स्टाफ और वहां मौजूद लोग भावुक हो उठे। संस्था के सोशल वर्कर सोनू राणा ने बताया, “हमारा मुख्य उद्देश्य ही यही है कि कोई भी बेसहारा न रहे और जो अपने रास्ते भटक गए हैं, उन्हें सम्मानजनक जीवन और उनका परिवार वापस मिले। आज इस मां और बेटे को मिलाकर हमें जो संतुष्टि मिली है, उसे शब्दों में नहीं ढाला जा सकता।” परिजनों ने आश्रम की इस निस्वार्थ सेवा के लिए पूरी टीम का हाथ जोड़कर आभार व्यक्त किया। Post navigation नोएडा प्राधिकरण 17 अप्रैल को मनाएगा 50वां स्थापना दिवस, नए प्रशासनिक भवन का होगा उद्घाटन