पटना में चर्चित शिक्षक…….Faisal Khan उर्फ खान सर के कोचिंग संस्थान पर हुए हमले और कथित फायरिंग मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रौशन आनंद को हिरासत में लिया है। रौशन आनंद पटना के एक अन्य कोचिंग संस्थान ‘ज्ञान बिंदु कोचिंग’ के निदेशक बताए जा रहे हैं। पुलिस उन्हें इस पूरे मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर जांच कर रही है।

मंगलवार रात खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर हंगामा, पथराव और तोड़फोड़ की घटना सामने आई थी। घटना में संस्थान के एक सुरक्षा गार्ड के घायल होने की भी जानकारी मिली। शुरुआती आरोपों में फायरिंग की बात कही गई थी, हालांकि पुलिस ने अभी तक सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गोली चलने की पुष्टि नहीं की है।

जांच के दौरान पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर रौशन आनंद समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस का कहना है कि कुछ संदिग्ध लोगों की पहचान हुई है और मामले में आगे भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

सूत्रों के अनुसार, खान सर के संस्थान और कुछ अन्य कोचिंग संस्थानों के बीच प्रतिस्पर्धा का पहलू भी जांच के दायरे में है। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि कहीं यह हमला कोचिंग संस्थानों के बीच प्रतिद्वंद्विता का परिणाम तो नहीं था। हालांकि अभी तक किसी भी व्यक्ति को दोषी घोषित नहीं किया गया है और जांच जारी है।

वहीं, रौशन आनंद ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उन्हें और उनके संस्थान को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और अंतिम निष्कर्ष सबूतों के आधार पर ही निकाला जाएगा।

इस घटना के बाद पटना के कोचिंग हब में सुरक्षा और संस्थानों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा को लेकर नई बहस शुरू हो गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *