एचआरआईटी यूनिवर्सिटी, गाजियाबाद में तीन दिवसीय आयोजित 16वीं सीनियर, 15वीं जूनियर एवं 15वीं सब-जूनियर नेशनल ड्रॉप रोबॉल प्रतियोगिता में दिल्ली के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 14 पदक जीतकर राजधानी का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में दिल्ली के 34 खिलाड़ियों ने भाग लिया और अपने उत्कृष्ट खेल, अनुशासन एवं टीम भावना से सभी का ध्यान आकर्षित किया। दिल्ली टीम की इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे दिल्ली ड्रॉप रोबॉल के जनरल सेक्रेटरी जितेंद्र गुर्जर का विशेष योगदान रहा,

जिन्होंने खिलाड़ियों की तैयारी, टीम चयन, समन्वय और सम्पूर्ण प्रबंधन में अहम भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व और सतत प्रयासों का ही परिणाम रहा कि दिल्ली दल ने राष्ट्रीय मंच पर प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

वहीं, मीडिया प्रभारी धीरेंद्र अवाना ने अपने सक्रिय सहयोग और निरंतर उत्साहवर्धन से टीम का मनोबल बढ़ाए रखा। टीम के कोच सतीश सिंह बैसोया ने खिलाड़ियों को बेहतरीन प्रशिक्षण देने के साथ-साथ उनके खान-पान, अनुशासन और देखभाल पर भी विशेष ध्यान दिया। सीनियर वर्ग में सार्थक बैसोया, युवराज सिंह बैसोया और दक्ष बैसोया ने गोल्ड मेडल जीतकर दिल्ली को गौरवान्वित किया, जबकि सचिन खटाना, ऋषि खटाना, मानव बैसोया और तनिष्क खटाना ने सिल्वर मेडल अपने नाम किए।

जूनियर वर्ग में स्पर्श बैसोया, ऋषभ बैसोया और कृष्णा बैसोया ने सिल्वर मेडल हासिल किया, जबकि सारांश बैसोया, प्रीत भढ़ाना और सोहान अम्बावता ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर दिल्ली की झोली में सफलता जोड़ी। वहीं सब-जूनियर वर्ग में कविश बैसोया ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर दिल्ली के लिए एक और उपलब्धि दर्ज की।

इस शानदार उपलब्धि पर जितेंद्र गुर्जर ने सभी खिलाड़ियों, अभिभावकों, कोचिंग स्टाफ और सहयोगियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता पूरी दिल्ली टीम की एकजुट मेहनत, समर्पण, अनुशासन और लगन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में दिल्ली के खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहराएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *